जंतर मंतर पर ‘पुलिसिया दमन’ से मुरली मनोहर जोशी दुखी- ‘युवतियों से बदसलूकी बेहद दर्दनाक’

जंतर मंतर पर छात्रों पर पुलिसिया दमन के ख़िलाफ़ अब बीजेपी के दिग्गज नेता मुरली मनोहर जोशी उतर आए हैं। छात्र आंदोलन और 20 जुलाई को हुए पुलिस बल प्रयोग को लेकर मुरली मनोहर जोशी ने चिंता जताई है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान युवतियों के साथ हुई कथित बदसलूकी को ‘बेहद दर्दनाक’ बताया। उन्होंने कहा कि देशभर से आए छात्रों की चिंताएं वास्तविक हैं और उनके साथ संवेदनशीलता से पेश आना चाहिए। 92 वर्षीय जोशी इस मुद्दे पर खुलकर प्रतिक्रिया देने वाले बीजेपी के पहले वरिष्ठ नेता माने जा रहे हैं।
मुरली मनोहर जोशी ने एक्स पर जारी अपने संदेश में लिखा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आए छात्र कई दिनों से नई दिल्ली की सड़कों पर अपनी मांगों को लेकर बैठे हैं। उन्होंने कहा, ‘देश के विभिन्न भागों से आए युवा छात्र कई दिनों से नई दिल्ली की सड़कों पर जुटे हैं। परीक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी चिंताएं और सरोकार वास्तविक हैं। इन्हें सहानुभूति और स्थायी समाधान की इच्छा के साथ सुना जाना चाहिए।’
युवतियों से बदसलूकी बेहद पीड़ादायक’
जोशी ने पुलिस कार्रवाई पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आंदोलन को केवल कानून-व्यवस्था का मामला मानकर बल प्रयोग करना उचित नहीं होगा। उन्होंने लिखा, ‘मुझे अत्यंत पीड़ा हुई है कि महिलाओं और युवतियों के साथ भी निर्मम व्यवहार किया गया। छात्रों पर इस तरह का बल प्रयोग समाज के बड़े वर्ग को विकसित भारत के लक्ष्य से दूर कर सकता है।’
कौन हैं मुरली मनोहर जोशी?
मुरली मनोहर जोशी भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक नेताओं में शामिल हैं। वह 1991 से 1993 तक बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे।
बाक़ी बीजेपी नेताओं का रुख अलग
बाक़ी बीजेपी नेताओं ने मुरली मनोहर जोशी से अलग रुख अपनाया है। उन्होंने मोटे तौर पर छात्र आंदोलन को लेकर विपक्ष पर राजनीति करने का आरोप लगाया और पुलिस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ज़रूरी बताया। उनके बयानों में कानून-व्यवस्था और राजनीतिक साजिश की चर्चा अधिक प्रमुख रही।
आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश के आरोप
आंदोलन से जुड़े लोगों और विपक्ष ने आरोप लगाया कि आंदोलन को कई तरह से कमजोर या बदनाम करने की कोशिश हुई। आंदोलन को विपक्ष प्रायोजित बताया गया, प्रदर्शनकारियों को कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बताया गया, सोशल मीडिया पर आंदोलनकारियों को ‘अराजक’, ‘राजनीतिक एजेंट’ या ‘देश विरोधी एजेंडा’ से जोड़ने वाले दावे किए गए।



