‘नीट पेपर लीक पर सरकार संसद में चर्चा के लिए तैयार, विपक्ष राजनीति कर रहा’- जेपी नड्डा

सीजेपी नेताओं के साथ मुलाक़ात के बाद केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता जेपी नड्डा की प्रेस कॉन्फ्रेंस की घोषणा हुई तो छात्रों के मुद्दों को लेकर कुछ उम्मीद बंधी, लेकिन जब प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई तो नड्डा ने छात्रों के मुद्दे छोड़ कांग्रेस पर ताबड़तोड़ आरोप मढ़ने शुरू कर दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार में भी पेपर लीक हुए थे और विपक्ष व राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं। और फिर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार परीक्षा पेपर लीक और नीट विवाद जैसे मुद्दों पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। हालाँकि, उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा, आत्महत्या करने वाले नीट उम्मीदवारों को एक एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद और जंतर मंतर पर छात्रों पर हमले करने वाले पुलिसकर्मियों को ज़िम्मेदार ठहराने जैसी उन मांगों के बारे में कुछ नहीं बोला जो छात्र और विपक्षी दलों की मुख्य मांगें हैं।
नड्डा ने कहा कि विपक्ष जिस प्रारूप में चर्चा चाहता है, सरकार उसके लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘चर्चा दो घंटे की हो, 12 घंटे की हो या 18 घंटे की, हमें कोई आपत्ति नहीं है। विपक्ष जैसा चाहे, वैसी चर्चा हो सकती है।’ उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि संसद में सभी दल मिलकर ऐसी व्यवस्था बनाएं जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लग सके।
नड्डा ने कहा, ‘राहुल गांधी इतने चुनिंदा क्यों हैं? कांग्रेस शासित राज्यों में हुई पेपर लीक की घटनाओं पर वे क्यों नहीं बोलते? इससे साफ है कि उनका उद्देश्य छात्रों का हित नहीं, बल्कि राजनीतिक फायदा उठाना है।’ नड्डा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, पंजाब, केरल और कर्नाटक जैसे राज्यों में भी पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर मामले की जांच कराने और सच्चाई जनता के सामने रखने के लिए तैयार है।
CJP प्रतिनिधियों से मुलाकात पर क्या बोले?
कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के प्रतिनिधियों से हुई मुलाकात पर नड्डा ने कहा कि बातचीत शांतिपूर्ण माहौल में हुई थी।
उन्होंने बताया कि प्रतिनिधियों ने अपनी मांगें लिखित रूप में सरकार को सौंप दी हैं।
उन्होंने कहा, ‘हमने उनकी बातें ध्यान से सुनीं। उनसे कहा कि अपनी मांगें लिखित रूप में दें और उन्होंने ऐसा किया। जब भी वे बातचीत करना चाहेंगे, सरकार तैयार है।’ हालांकि उन्होंने साफ़ किया कि बुधवार को सीजेपी के साथ उनकी कोई नई बैठक नहीं हुई।



